नीमच । सियासत के बदलते दौर में जहाँ निष्ठाएं मौसम की तरह बदल जाती हैं, वहीं मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक ऐसा व्यक्तित्व है जिसकी कांग्रेस के प्रति तपस्या आज भी अडिग है। हम बात कर रहे हैं धनेरिया कला के वरिष्ठतम और वयोवृद्ध नेता मगनलाल जी अहीर की। 101 वर्ष की आयु पार कर चुके मगनलाल जी आज भी सफेद गांधी टोपी पहनकर जब निकलते हैं, तो नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार कर देते हैं।

नीमच विधानसभा के पहले चुनाव के साक्षी:-
मगनलाल अहीर, जिन्हें पूरा ग्रामीण क्षेत्र ‘नेताजी’ के नाम से जानता है, नीमच की राजनीतिक विरासत के जीवित दस्तावेज हैं। उन्होंने नीमच विधानसभा के प्रथम चुनाव में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। तब से लेकर आज तक, उन्होंने न जाने कितने चुनावों में धूप और धूल की परवाह किए बिना धरातल पर कार्य किया।
दिग्गजों के साथ साझा किए अनुभव:-
हाल ही में जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. संपत स्वरूप जाजू, गोविंद पोरवाल, जगदीश माहेश्वरी और अन्य साथी उनसे मिलने पहुंचे, तो नेताजी की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय सीताराम जी जाजू, लक्ष्मीनारायण जी पोरवाल और रघुनंदन प्रसाद जी वर्मा के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए।

आज भी जारी है विचारधारा का प्रचार:-
101 वर्ष की उम्र में भी नेताजी विश्राम करने के बजाय कांग्रेस की गांधीवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करते हैं। सादगी, ईमानदारी और सेवाभाव उनके जीवन का मूलमंत्र है। मुलाकात के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवाभावी कार्यों के कई रोचक किस्से सुनाए और सभी को आशीर्वाद दिया।
इन दिग्गजों ने किया स्वागत:-
मुलाकात करने वालों में डॉ. संपत स्वरूप जाजू, गोविंद पोरवाल, जगदीश माहेश्वरी, जगदीश पुन्नर, कन्हैया लाल मित्तल और सामंत सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने नेताजी के जज्बे को नमन किया और उनसे राजनीति की शुचिता का पाठ सीखा।